AK-47 तस्करी के मामले में आया नया मोड़, पटना पुलिस लाइन से जवान गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Nov 22, 2018 - 02:11 PM (IST)

पटनाः AK-47 की तस्करी के मामले की जांच कर रही मुंगेर पुलिस ने पटना की पुलिस लाइन से जुड़े एक जवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जवान को गिरफ्तार कर अपने साथ मुंगेर से ले गई। जवान से पूछताछ की जा रही है। 

जानकारी के अनुसार, मुंगेर पुलिस बुधवार को पटना पहुंची और उन्होंने जिले के एसएसपी मनु महाराज को इस मामले से अवगत करवाया। पटना पुलिस की मदद से छापेमारी करने के बाद जवान धर्मवीर कुमार को गिरफ्तार किया गया। धर्मवीर पर आरोप लगाया गया है कि उसने अवैध तरीके से हथियार तस्कर गिरोह से AK -47 खरीदा था। इसके अतिरिक्त मुंगेर पुलिस का मानना है कि धर्मवीर के अतिरिक्त और भी पुलिस के जवान इस गिरोह में शामिल हो सकते हैं। 

बता दें कि 2012 से लेकर अब तक मध्य प्रदेश के आर्मी ऑर्डिनेंस डिपो से 60 से 70 एके-47 गायब हुए हैं। पिछले कुछ समय से मुंगेर पुलिस लगातार जिले के अलग-अलग ठिकानों में छापेमारी करते हुए हथियार तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर रही है। पुलिस ने अब तक छापेमारी करते हुए 20 एके-47 बरामद कर लिए गए हैं। इस पूरे मामले में बिहार और मध्य प्रदेश समेत तकरीबन दो दर्जन लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।  

prachi