बिहार BJP के अध्यक्ष का बयान- राजग चट्टान की तरह एकजुट, गठबंधन में कोई मतभेद नहीं

punjabkesari.in Thursday, Oct 10, 2019 - 04:46 PM (IST)

समस्तीपुरः भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जायसवाल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच किसी तरह के मतभेद को सिरे से खारिज करते हुए आज कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है और गठबंधन में कभी कोई मतभेद नहीं था।

जायसवाल समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के राजग के घटक लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज के पक्ष में चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि राजग चट्टान की तरह एकजुट है। उन्होंने दावा किया कि बिहार के पांच विधानसभा और समस्तीपुर (सुरक्षित) लोकसभा सीट पर हो रहे उप-चुनाव में भाजपा-जदयू एवं लोजपा गठबंधन सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 को समाप्त कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ देश के लोगों का मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जिस तरह से लोगों का साथ और विश्वास मिल रहा है इससे स्पष्ट है कि देश में अगले 50 वर्षों तक भाजपा का शासन रहेगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की राजनीति अब देश से समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार के बदले विदेश भ्रमण पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा-गठबंधन के खिलाफ जो तथाकथित महागठबंधन बना है वह सिर्फ घोटालेबाजो का गठबंधन है जिसे लोकसभा चुनाव में जनता सबक सिखा चुकी है।
 

prachi