मंत्रिमंडल विस्तार पर CM नीतीश ने ली चुटकी, कहा- दशहरा के बाद बोला था यानी अगला दशहरा के पहले

punjabkesari.in Tuesday, Nov 06, 2018 - 05:47 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर चुटकी लेते हुए कहा कि मैंने दशहरा के बाद कहा था इसका मतलब है कि अगले दशहरा से पहले। यह बयान सीएम नीतीश ने राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिया। 

कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार आपदा प्रभावित राज्य है। आपदा के बारे में लोगों को जागरूक करने पर जोर देना होगा। उन्होंने कहा कि आपदा पर बिहार में राज्य सरकार की तरफ से आयोजित यह पहला कार्यक्रम है। रोड मैप के साथ व्यक्ति विशेेष की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सीएम नीतीश ने कहा कि नई तकनीक अपनाने पर नुकसान कम होगा। उन्होंने कहा कि हम काम करने में विश्वास रखते हैं। 

सितंबर में हुई जदयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दशहरे के बाद मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना जताई थी। इसके बाद कई मंत्रियों के नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। हाल में जदयू में शामिल हुए चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं लेकिन बाद में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष घोषित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि बिहार के कुछ विभाग में वर्तमान में पूर्णकालिक मंत्री नहीं हैं।

prachi