कांग्रेस को SP-BSP के गठबंधन में शामिल न करने पर बोले मांझी- कांग्रेस को न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Saturday, Jan 12, 2019 - 05:52 PM (IST)

पटनाः आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां काफी सक्रिय नजर आ रही हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा का गठबंधन हो गया। इस गठबंधन में कांग्रेस को शामिल नहीं किया गया। इस पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने बयान जारी करते हुए सपा-बसपा को नसीहत दी है।

मांझी ने कहा कि सपा-बसपा कांग्रेस को कम आंकने की भूल न करें। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़कर तीन राज्यों में जीत हासिल की। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक शक्ति है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि गठबंधन में कांग्रेस को शामिल न करने का फायदा भाजपा उठा सकती है। इसके चलते उन्होंने सपा-बसपा को अपने इस फैसले पर दोबारा विचार करने की नसीहत दी।

गौरतलब है कि भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से सपा-बसपा ने गठबंधन का ऐलान करते हुए 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने दो सीटें कांग्रेस को देने की बात भी कही। 
 

prachi