कांग्रेस में शामिल होने के बाद बोले कीर्ति आजाद- पार्टी में आना घर वापसी जैसा

punjabkesari.in Monday, Feb 18, 2019 - 04:03 PM (IST)

पटनाः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की माैजूदगी में पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया और कहा कि यह उनकी घर वापसी है। 

कांग्रेस में शामिल होना घर वापसी जैसा 
आजाद ने कहा कि उनका पूरा बचपन कांग्रेसी माहौल में बीता है। उनके पिता भगवत झा आजाद स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस के प्रमुख नेता थे। कांग्रेस परिवार से उनकी बचपन से ही नजदीकी रही है इसलिए इस पार्टी में शामिल होना उनके लिए घर वापसी जैसा है। 

भाजपा में रहकर महसूस हो रही थी घुटन 
वहीं आजाद ने कहा कि उन्हें भाजपा में रहकर घुटन महसूस हो रही थी। आरंभ से ही उन्होंने पार्टी फोरम पर भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए और दस्तावेजों के साथ सरकार को इस पर कार्रवाई करने का आग्रह किया लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में अब किसी की आवाज नहीं सुनी जा रही है। ‘न खाऊंगा, न खाने देने’ की सिर्फ बातें हो रही हैं और इसको लेकर महज जुमलेबाजी की जा रही है। 

26 साल पहले और आज की भाजपा में बहुत फर्क 
कीर्ति आजाद ने कहा 26 साल पहले और आज की भाजपा में बहुत फर्क है। भाजपा में तब जुमलेबाजी नहीं थी और अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेता में थे। भाजपा में आज भ्रष्टाचार के खिलाफ सिर्फ बातें ही की जाती हैं लेकिन उनको अमल नहीं लाया जाता। 

Nitika