मुख्यमंत्री का निर्देश- क्वारंटाइन अवधि पूरी करने वाले प्रवासी श्रमिकों को उपलब्ध हो रोजगार

punjabkesari.in Friday, May 29, 2020 - 11:41 AM (IST)

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने क्वारंटाइन अवधि पूरी कर घर लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाने का अधिकारियों को निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ कोविड-19 के मद्देनजर किए जा रहे कार्यो की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाहर से आए श्रमिक क्वारंटाइन अवधि पूर्ण करने के बाद अपने-अपने घर लौट रहे हैं। जिन श्रमिकों की क्वारंटाइन अवधि प्रोटोकाॅल के अनुसार पूर्ण हो गई है, उन्हें दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष प्रयास कर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। सभी संबंधित विभाग इसकी निगरानी करें।

नीतीश कुमार ने कहा कि बाहर से आए श्रमिकों के परिवारों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ें, जिससे उन्हें राज्य में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी मिले और उसका लाभ भी मिले। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से बिहार में महिलाओं में काफी जागृति आई है, उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आत्मनिर्भर भी हुईं हैं।

सीएम ने कहा कि विशेष श्रमिक ट्रेनों के माध्यम से आए ऐसे श्रमिक जो क्वारंटाइन अवधि पूर्ण कर अपने घर जा रहे हैं, उन्हें सरकार के निर्णय के अनुरूप यात्रा किराए में व्यय की गई राशि एवं 500 रुपए अथवा न्यूनतम 1000 रुपए उनके बैंक खाते में शीघ्र अंतरित किए जाएं।

Nitika