मधुबनी में अचानक आसमान से गिरा 15 किलो का पत्थर, CM ने अध्ययन करवाने का दिया निर्देश

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2019 - 06:20 PM (IST)

मधुबनीः बिहार के मधुबनी में उस समय अजीबोगरीब घटना घटी जब आसमान से एक 15 किलो का विचित्र पत्थर नीचे गिरा। माना जा रहा है कि यह पत्‍थर किसी दूसरे ग्रह का टुकड़ा या फिर किसी उल्‍का से गिरा अवशेष हो सकता है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संभावित उल्का पिंड का अध्ययन करवाने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार, जिले के लौकही थाना स्थित कौरयाही गांव के भगवानपुर चौड़ी में धान के खेत में अचानक आसमान से एक 15 किलो का पत्थर गिरा। ग्रामीणों का कहना है कि पत्थर के गिरने की आवाज लगभग पांच किलोमीटर तक सुनाई दी। घटना की जानकारी मिलते ही पत्थर को देखने के लिए आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ जुटने लगी।

स्थानीय लोगों ने उक्त पत्थर को निकट के ही एक पीपल वृक्ष के नीचे रखकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी थी। घटना की सूचना मिलने पर लौकही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अंचल अधिकारी त्रिपुरारी श्रीवास्तव, प्रखंड प्रमुख वरुण कुमार मौके पर पहुंच कर उक्त पत्थर को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आए। बाद में डीएम के आदेश पर अंचलाधिकारी ने उसे जिला कोषागार में सुरक्षित रखवा दिया था।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मधुबनी के लौकही अंचल के महादेवा में 22 जुलाई 2019 को मिले संभावित उल्का पिंड का अवलोकन किया। इस दौरान देखा गया कि संभावित उल्का पिंड में चुम्बकीय शक्ति है। इसके बाद नीतीश कुमार ने संभावित उल्का पिंड के अध्ययन कराने का निर्देश दिया। इस बीच संभावित उल्का पिंड को लोगों के अवलोकन के लिए बिहार म्यूजियम में रखा जाएगा जिसे बाद में सांइस म्यूजियम में हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

prachi