सुशील मोदी ने राबड़ी का किया समर्थन, कहा- लालू को बाहर का नहीं जेल का ही मिले भोजन

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 10:56 AM (IST)

पटनाः बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बीजेपी पर उनके पति व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को जहर देने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने उनकी इस आशंका का समर्थन किया है।

सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि वह राबड़ी देवी की आशंका से सहमत हैं। लालू यादव के भोजन में जहर हो सकता है, लेकिन सरकार के द्वारा नहीं बल्कि परिवार के किसी भी सदस्य के द्वारा किया जा सकता है। परिवार में झगड़े का सामना करना पड़ रहा है इसलिए बाहर से आने वाले भोजन को रोकें और उचित जांच के साथ ही जेल का भोजन दें।

बता दें कि, राबड़ी देवी ने कहा कि नियमों को दरकिनार कर उपचाराधीन लालू के साथ तानाशाही सलूक किया जा रहा है। बिहार की जनता सड़क पर उतर गई तो अंजाम बहुत बुरा होगा। अस्पताल में उपचाराधीन आदरणीय लालू प्रसाद विधि सम्मत हर शनिवार 3 व्यक्तियों से मिल सकते हैं लेकिन तानाशाही भाजपाई सरकार ने इस पर भी रोक लगा दी है। ये जहरीले लोग लालू के साथ साजिश कर उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। उनकी जान को खतरा है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को झारखंड में रांची के बिरसा मुंडा जेल प्रशासन ने चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में किसी के मिलने पर रोक लगा दी। इससे संबंधित नोटिस भी चिपकाया गया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepika Rajput

Recommended News

Related News

static