सुशील मोदी का हमला- CAA के बहाने बिहार का अमन-चैन छीनने की कोशिश कर रही RJD-कांग्रेस

punjabkesari.in Monday, Dec 16, 2019 - 09:30 AM (IST)

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर नागरिकता संशोधन कानून के बहाने राज्य का अमन-चैन छीनने की कोशिश करने का आरोप लगया। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब इस अधिनियम का सीधा असर बिहार पर नहीं पड़ता तब ये दोनों दल ऐसा क्यों कर रहे हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि नए नागरिकता कानून को लेकर पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और पूर्वोत्तर के उन राज्यों में लोगों को कुछ समस्या हो सकती है, जहां पड़ोसी देशों से शरणार्थियों का आना हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी आपत्तियों को ध्यान में रख कर कानून में बदलाव के संकेत भी दिए हैं लेकिन बिहार-झारखंड में कोई शरणार्थी समस्या नहीं है।

मोदी ने सवालिया लहजे में कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग बताएं कि जब नागरिकता संशोधन कानून से बिहार पर कोई सीधा असर ही नहीं पड़ता, तब इसके विरोध में उकसा कर राज्य का अमन-चैन छीनने की कोशिश क्यों की जा रही है। क्या नागरिकता संशोधन कानून के बहाने संसदीय चुनाव में सूपड़ा साफ होने का बदला शांतिप्रिय जनता से लिया जाएगा।
 

prachi