सुशील मोदी का हमला- गलत संगत में चले गए शत्रुघ्न सिन्हा, छोड़ दें BJP

punjabkesari.in Wednesday, Jan 16, 2019 - 01:18 PM (IST)

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर जमकर जुबानी हमला बोला है। सुशील मोदी ने कहा कि सिन्हा गलत संगत में पड़ गए हैं। वह लगातार अपनी ही पार्टी के खिलाफ बयान दे रहे हैं। अगर उन्हें भाजपा नहीं पसंद तो उन्हें पार्टी का साथ छोड़ देना चाहिए।

सुशील मोदी ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा उनके भी आइकॉन रहे हैं लेकिन वह इन दिनों जिस प्रकार पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं वह उचित नहीं हैं। मोदी ने कहा कि जिस पार्टी ने सिन्हा को कैबिनेट मंत्री बनाया, दो बार राज्यसभा और दो बार लोकसभा भेजा, उसके बारे में इस प्रकार की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। शत्रुघ्‍न सिन्‍हा इन दिनों यशवंत सिन्हा की गलत संगत में चले गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने शत्रुघ्न सिन्हा पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों को अपने बारे में बड़ी गलतफहमी हो जाती है कि लोग उनको ही वोट देते हैं। उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा नाराज होकर एक बार चुनाव प्रचार में नहीं गए थे। इसके बावजूद राजग ने भारी बहुमत से चुनाव जीता। मोदी ने कहा कि 29 साल में 52 संपत्ति के मालिक तेजस्वी यादव में शत्रुघ्न सिन्हा को भ्रष्टाचार नहीं दिखता?
 

prachi