सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, नगर विकास मंत्री के घर के बाहर फेंका मरा हुआ कुत्ता

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2020 - 01:06 PM (IST)

पटनाः सेवा नियमित किए जाने की मांग को लेकर पटना नगर निगम में कार्यरत चतुर्थवर्गीय दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस बीच गुरुवार की सुबह हड़ताली कर्मियों ने नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के घर के बाहर मरा हुआ कुत्ता फेंक दिया है।

इतना ही नहीं, सीएम हाउस की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों ओर, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के घर के बाहर कूड़ा फेंक दिया है। हड़तालियों के द्वारा सड़कों पर कचरा फैलाए जाने से ड्रेनेज जाम होने लगे हैं। इससे सीवरेज का पानी सड़कों पर फैलने लगा है। कंकड़बाग, बांकीपुर व पटना सिटी अंचल में यह समस्या उत्पन्न हो गई है।

वहीं सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से राजधानी के लोग कचरे के लग रहे अंबार की समस्या को झेलने के लिए विवश हैं। पटना नगर निगम के कर्मचारियों के कामकाज ठप किए जाने से राजधानी के अधिकांश इलाके कचरे में तब्दील हो गए हैं। घर घर से कचरा उठाओ का कार्य भी नहीं हो पा रहा है, जिससे आम लोग काफी परेशान हैं। स्टेशन चौराहा के निकट सड़े हुए कचरे के फेंके जाने से दुर्गंध निकलने लगी है। इन सबके बीच कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन जारी है।

ऐसे में कर्मचारी नेताओं का कहना है कि जब दैनिक वेतनभोगी 10000 के वेतनमान पर काम करने के लिए तैयार हैं तो फिर सरकार को बिचौलिए की क्या जरूरत पड़ी है। सरकार चाहती है आउटसोर्सिंग हो, जो नहीं चलने वाला है। हड़ताली कर्मचारियों के कड़े तेवर को देखते हुए मौर्या लोक परिसर स्थित नगर निगम मुख्यालय की सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। हड़ताली कर्मचारियों की अगुवाई कर रहे छह नेताओं के खिलाफ राजधानी के कोतवाली थाने में एक मामला दर्ज कराया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static