बिहार में सीट शेयरिंग तय, NDA से होगी रालोसपा की छुट्टी!

punjabkesari.in Wednesday, Nov 14, 2018 - 01:12 PM (IST)

पटनाः 2019 लोकसभा चुनावों के चलते बिहार एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मचा घमासान अब थमता हुआ नजर आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, कहा जा रहा है कि एनडीए ने सीट बंटवारे को लेकर नया फॉर्मूला तय कर लिया है और इस फार्मूले के तहत रालोसपा को एक भी सीट ना देने का फैसला किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिहार में भाजपा और जदयू ने समान सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। भाजपा और जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा को छह सीटें दी जाएंगी। इस फार्मूले के तहत उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा की एनडीए से छुट्टी हो जाएगी। 

रालोसपा ने एनडीए के द्वारा दिया गया दो सीटों का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि बिहार में हमारी पार्टी का जनाधार है जिसके कारण वह दो से अधिक सीटें के योग्य हैं। सोमवार को नई दिल्ली में कुशवाहा से शरद यादव से मुलाकात की थी। 

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा के बीच जुबानी जंग जारी है। कुशवाहा ने सीएम नीतीश पर उन्हें नीच कहने का आरोप लगाया। कुशवाहा के इस आरोप से भाजपा ने भी किनारा कर लिया। ऐसे में कयास लगाए जा रहें हैं कि कुशवाहा महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं। 

prachi