लोकसभा चुनाव 2019: अंतिम चरण में बिहार की 8 सीटों पर मतदान समाप्त, करीब 49% हुई वोटिंग

punjabkesari.in Sunday, May 19, 2019 - 06:18 PM (IST)

पटनाः पटनाः लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण में बिहार की आठ सीटों पर मतदान समाप्त हो गए हैं। आखिरी चरण में राज्य की पटना साहिब, पाटलिपुत्र, नालंदा, आरा, बक्सर, काराकाट, जहानाबाद, सासाराम लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही थी। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान करवाए गए। लोकसभा की आठ सीटों के अतिरिक्त डेहरी विधानसभा उपचुनाव भी करवाए जा रहे थे।

1.52 करोड़ मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
राज्य की आठ सीटों पर कुल 157 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई जिसमें 137 पुरूष और 20 महिला उम्मीदवार थे। इस चरण में कुल 1.52 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 80.38 लाख पुरुष और 71.53 लाख महिला एवं 501 थर्ड जेंडर मतदाता थे। इस चरण के चुनावों को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए 15811 मतदान केंद्र बनाए गए। 

ये दिग्गज उतरे चुनावी मैदान में
पटना साहिब लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा से हुआ। पाटलिपुत्र सीट से भाजपा के रामकृपाल यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती के बीच कांटे की टक्कर हुई। इसके अतिरिक्त आरा सीट पर भाजपा के राजकुमार सिंह का मुकाबला सीपीआई(एमएल) के राजू यादव से हुआ। वहीं बक्सर लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और राजद की तरफ से जगदानंद सिंह चुनाव लड़े।

इसके अतिरिक्त सासाराम सीट से भाजपा के छेदी पासवान और कांग्रेस की मीरा कुमार चुनावी मैदान में उतरीं। नालंदा लोकसभा सीट से जदूय के कौशलेंद्र कुमार और हम के अशोक कुमार आजाद चंद्रवंशी को टिकट दिया गया। काराकाट सीट से रालोसपा(राष्ट्रीय लोक समता पार्टी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का मुकाबला जदयू के महाबली सिंह से हुआ। जहानाबाद सीट से जदयू के चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी और राजद के सुरेंद्र यादव चुनावी मैदान में उतरे थे।

गौरतलब है कि बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों पर कुल सात चरणों में मतदान करवाए गए। कुल 40 सीटों पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। अब इसके परिणाम 23 मई को घोषित होगा।

prachi