कोरोना को लेकर क्या है बिहार सरकार का रोडमैप, जानिए जल संसाधन मंत्री संजय झा से

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2020 - 05:52 PM (IST)

पटनाः महामारी बन चुके कोरोना वायरस ने बिहार में कहर मचा रखा है। राज्य में इससे संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता रहा है। वहीं अब सवाल उठता है कि इस वायरस के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए सरकार ने क्या तैयारी की है। आइए जानते हैं जल संसाधन मंत्री संजय झा से-

बिहार में कोरोना के मरीजों की संख्या को लेकर संजय झा ने कहा कि अगर तुलना करें तो बिहार में प्रकोप इतना नहीं बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को कोई समस्या नहीं है। वहीं चिंता की बात ये रही कि कई लोग वहां से आए जहां कोरोना का प्रकोप बहुत ज्यादा है। जैसे कि- दिल्ली, मुंबई, पुणे और कर्नाटक।

बाहर से आए लोगों की व्यवस्था पर मंत्री ने कहा कि ये एक चैलेंज है, जो लोग बाहर से आए हैं, उनकी जांच शुरू हो गई है। गांव के स्कूलों में इन लोगों को रखा गया है। साथ ही उनके खाने का भी प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि अब उन लोगों की भी जांच हो रही है, जिनमें कोरोना के लक्षण अधिक हैं।

निजामुद्दीन से वापस आए लोगों की बात पर संजय झा ने कहा कि जिन लोगों की पहचान कर ली गई है, उनको क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रकोप का सबसे बड़ा उदाहरण सिवान जिले में देखने को मिल रहा है, जहां एक परिवार के 19 लोग कोरोना से पीड़ित हैं। उमान से आए एक व्यक्ति ने पूरे परिवार को संक्रमित कर दिया है।

मंत्री ने आगे कहा कि नीतीश सरकार बहुत पहले से सतर्क थी। उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोना जांच के कई केद्र बनाए गए हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दुविधा के समय ये लोग बिहार छोड़कर भाग जाते हैं। आखिर में संजय झा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस वायरस को गंभीरता से लीजिए। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण हैं, वह खुद आकर जांच करवाएं, ताकि इसे फैलने से रोका जा सके।

Nitika