झारखंडः अस्पताल कर्मियों की हड़ताल से 14 मरीजों की मौत, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

punjabkesari.in Monday, Jun 04, 2018 - 10:32 AM (IST)

रांचीः झारखंड के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में जूनियर डॉक्टरों और नर्सो की हड़ताल के कारण 14 मरीजों की मौत हो गई। रिम्स में डॉक्टरों और नर्सो ने यह हड़ताल एक कर्मचारी पर हमले के कारण की है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात एक नर्स के इंजेक्शन देने के बाद मरीज गीता देवी की मौत हो गई। इसके बाद गीता देवी के परिजनों ने नर्स के साथ बदसलूकी और मारपीट की। शनिवार की सुबह जूनियर डॉक्टर और नर्स हड़ताल पर चले गए और नए मरीजों की भर्ती रोक दी। जो मरीज पहले से भर्ती थे उन्हें दवा और उपचार नहीं दी गई। इसकी वजह से 14 मरीजों की मौत हो गई। रिम्स में शनिवार और रविवार को दो हजार से अधिक मरीजों को बिना इलाज वापस लौटना पड़ा। कई परिजनों ने पहले से भर्ती अपने मरीजों को दूसरे अस्पताल ले गए।


झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को रिम्स की घटना पर संज्ञान लिया और मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी और स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रबंशी को डॉक्टरों और नर्सो से बात करने के लिए कहा है। रविवार दोपहर चंद्रबंशी और त्रिपाठी बातचीत के लिए रिम्स पहुंचे और इसके बाद हड़ताल वापस ले ली गई।

 

Nitika