दोस्तों के साथ नहर में नहाने गए 15 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत

punjabkesari.in Monday, Oct 21, 2019 - 04:50 PM (IST)

जमशेदपुरः झारखंड के जमशेदपुर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। नहर में नहाने के दौरान 15 वर्षीय आदर्श कुमार की डूबने से मौत हो गई। जिस कारण उसका पूरा परिवार सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की है। आदर्श दोस्तों के साथ वॉलीबाल खेलने जाने का बात कह कर घर से निकला था। लेकिन, चाराें नहर पर नहाने चले गए। उसी दौरान आदर्श नदी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका दोस्त प्रिंस नदी में कूद गया जहां वह भी डूबने लगा। दाेनाें काे डूबते देख तीसरा दाेस्त राहुल कुमार ने भी नदी में छलांग लगा दी। उसने प्रिंस का हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया। लेकिन आदर्श को नहीं बचा पाया।

घटना के बाद उसके तीनों दोस्त घर वापस आ गए। जब शाम हो गई और आदर्श घर वापस नहीं आया तब परिजनों को उसकी चिंता होने लगी। आदर्श के पिता प्रिंस के घर पूछताछ करने गए तो उसने मनगढ़ंत कहानी बतानी शुरु कर दी। उसने बताया कि आदर्श को एक बाइक सवार ने पकड़ लिया और मुंह में रूमाल डालकर अपने साथ ले गया। जिसके बाद आदर्श के पिता ने पुलिस को सूचित किया।

अगले दिन छानबीन के दौरान पुलिस को सुवर्णरेखा नदी में आदर्श का तैरता हुआ शव मिला। जांच के लिए पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब परिजनों को इसकी सूचना मिली तो पूरे घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने आदर्श के दोस्तों से कड़ी पूछताछ की तब उन्होंने सारा सच पुलिस के सामने रख दिया।
 

Ajay kumar