खूंटीः बस-ट्रक की टक्कर में 20 घायल, हाल जानने अस्पताल पहुंचे ये नेता

punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2020 - 10:27 AM (IST)

खूंटीः झारखंड में खूंटी जिले के रांची-खूंटी मुख्य सड़क पर जियारप्पा के पास शुक्रवार को एक यात्री बस की ट्रक से टक्कर हो गई जिससे कम से कम 20 लोग घायल हो गए। वहीं 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को देखने के लिए खूंटी से सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री तथा हाल में भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी रिम्स पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन मुंडा और बाबूलाल मरांडी ने रिम्स निदेशक को सभी घायलों का बेहतर इलाज अपनी निगरानी में कराने का निर्देश दिया। इससे पहले बाबूलाल मरांडी ने भी घटना की जानकारी मिलने के बाद रिम्स पहुँच घायलों से मुलाकात की। शुक्रवार को हुई इस घटना में लगभग 20 यात्री घायल हो गए थे जिन्हें सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स में बेहतर इलाज के लिए भेज दिया गया था।

बता दें कि सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार के अनुसार घायलों में से 3 लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं मामूली रूप से घायल कई अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Ajay kumar