लोहरदगा हिंसा मामलाः पुलिस ने 21 लोगों को किया गिरफ्तार, कर्फ्यू में भी दी गई ढील

punjabkesari.in Thursday, Jan 30, 2020 - 10:28 AM (IST)

 

लोहरदगाः झारखंड के लोहरदगा में सीएए समर्थक रैली में 23 जनवरी को हुई हिंसा के मामले में कुल 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी जांच कर रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन ने लोहरदगा जिले में कर्फ्यू भी लगा दिया था, हालांकि दिन में कर्फ्यू में 2 चरणों में 4 घंटे की ढील दी गई थी ताकि लोग जरूरी चीजें खरीद लें। बुधवार को कर्फ्यू में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच ढील दी गई और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक रियायत दी गई।

वहीं सुरक्षा बलों ने लोहरदगा शहर में फ्लैग मार्च भी किया। लोहरदगा शहर में सीएए समर्थक रैली के दौरान झड़प के बाद पूरे जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया था। आईजी ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में शांति बैठकें आयोजित की गईं और जिला स्तर पर भी इसी तरह की बैठक होंगी।
 

Nitika