चुनौतियों को अवसर में बदलने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ झामुमो का 41वां झारखंड दिवस

punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2020 - 04:28 PM (IST)

दुमकाः झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तत्वावधान में आयोजित 41वां झारखंड दिवस रविवार की देर रात आबुआ दिसोम-आबुआ राज्य के सपनों को जमीन पर उतारने के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।

झामुमो के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने दुमका के गांधी मैदान में कड़ाके की ठंड के बीच रविवार की रात लगभग 12.30 बजे तक चली जनसभा में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए आमलोगों से बेहतर जिंदगी जीने के लिए अपने बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षित बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई जरूरी नहीं कि सभी लोग एमए,बीए की डिग्री हासिल करें लेकिन अपने हक और अधिकार पाने के लिए सभी को शिक्षित होना जरूरी है।

सोरेन ने कहा कि शिक्षित लोग नयी तकनीक से अच्छी खेती कर अपनी जीविका चला सकते हैं। इससे लोग जागरूक होंगे और उनका कोई शोषण नही कर सकेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव में यह इलाका विकास के मामले में पिछड़ा रह गया है। शिक्षा के बिना लोगों का गुजारा कठिन है। अनपढ़ रहने के कारण ही यहां के लोगों को अभी तक कष्ट भोगना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जो कष्ट यहां के लोगों के झेला है वह कष्ट आपके बच्चों को नहीं उठाना पड़े। इसलिए अपने बच्चों को पढ़ाना जरूरी है।

इस मौके पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आबुआ दिसोम-आबुआ राज के लिये उनकी पार्टी ने लम्बा संघर्ष किया गया है। इसके बाद अलग राज्य भी लिया और राज्य की मालिक आम जनता ने इस बार अपार स्नेह और आशीर्वाद देकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर अपना राज भी दिया है। उनकी सरकार जनता चलायेगी। जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप चलेगी।

हेमंत सोरेन ने कहा कि पूर्व की सरकार ने पूरी व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। नयी सरकार को खजाना खाली मिला है। इस चुनौती को स्वीकार कर इसे अवसर में बदलने के कार्य जुट गयी है। छात्रों, नौजवानों को रोजगार, वृद्ध,विधवा, असहाय लोगो को पेंशन, किसानों के खेत में पानी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में कार्य प्रारंभ भी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगूठे का निशान लगाकर अनाज वितरण की व्यवस्था को बंद किया जाएगा। लूट की संस्कृति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भ्रष्टाचारियों के लिये अब इस राज्य में कोई जगह नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि अगले झारखंड दिवस पर यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर खुशी होगी।

prachi