डालटनगंजः वाहन से 60 लाख रुपए की नकदी बरामद, डाक विभाग ने राशि को बताया अपना

punjabkesari.in Friday, Nov 22, 2019 - 05:09 PM (IST)

पलामूः झारखंड में 30 नवंबर से 5 चरणों में विधानसभा चुनावों होने जा रहे हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क दिखाई दे रहा है। पुलिस के द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने एक वाहन से 60 लाख रुपए नकदी बरामद की।

जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के तहत सतबरवा में शुक्रवार को पुलिस ने एक वाहन से 60 लाख रुपए नकदी जब्त की। हालांकि, बाद में इसे डाक विभाग ने अपना बताया, जिसकी जांच की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शांतनु कुमार अग्रहरि ने कहा कि उस राशि को डाक विभाग ने अपना बताया है।

इस मामले में जिला प्रशासन आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ जांच पड़ताल कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह धन चुनाव प्रयोजन के लिए था या विभागीय उपयोग के लिए यह जांच बाद ही सुनिश्चित हो सकेगा। मामले की जांच जारी है। इस जब्ती की जानकारी सतबरवा थाना में दर्ज कर ली गई है।

बता दें कि इससे पहले चैनपुर थानाक्षेत्र में गढ़वा के विधायक और भाजपा प्रत्याशी सत्येन्द्रनाथ तिवारी की प्रचार गाड़ी से पुलिस ने 30 लाख रुपए बरामद किए। भाजपा विधायक की गाड़ी से इतनी बड़ी रकम प्राप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

 

Nitika