Lok Sabha Elections 2019ः एक नजर कोडरमा लोकसभा सीट पर
punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2019 - 05:41 PM (IST)

रांचीः झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 3 सीटों पलामू, चतरा और लोहरदगा पर चौथे चरण में चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इसके साथ ही अब पांचवे चरण में 4 सीटों रांची, खूंटी, कोडरमा और हजारीबाग में चुनाव होने जा रहे हैं। इस खबर में हम आपको कोडरमा लोकसभा सीट के बारे में बताने जा रहे हैं।
झारखंड के 14 लोकसभा सीटों में से एक कोडरमा लोकसभा सीट है। साल 2000 तक कोडरमा भी बिहार का ही एक हिस्सा हुआ करता था। देश में लगे आपातकाल के बाद साल 1977 में इस सीट पर पहली बार हुए चुनाव में जनता पार्टी के RLP वर्मा चुनाव जीते। इसके बाद 1980 में RLP वर्मा भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत का परचम लहराया।
साल 1984 में इस सीट पर पहली बार कांग्रेस को जीत मिली और तिलकधारी सिंह सांसद चुने गए। साल 1989 में एक बार फिर से बीजेपी के टिकट पर RLP वर्मा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। साल 1991 में जनता दल के टिकट पर मुमताज अंसारी चुनाव जीते।
जिला | विधानसभा क्षेत्र |
कोडरमा | कोडरमा |
हजारीबाग | बरकट्ठा |
गिरीडीह | धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय |
वहीं 1996 और 1998 में बीजेपी के टिकट पर RLP वर्मा सांसद बने। साल 1999 में कांग्रेस के टिकट पर तिलकधारी सिंह सांसद चुने गए। साल 2004 में इस सीट पर बीजेपी के टिकट पर बाबूलाल मरांडी चुनाव जीते जबकि 2006 में हुए उपचुनाव में बाबूलाल मरांडी निर्दलीय चुनाव लड़े और जीते। वहीं 2009 में बाबूलाल मरांडी अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा प्रजातांत्रिक के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे लेकिन 2014 में मोदी लहर में यह सीट एक बार फिर से बीजेपी के खाते में गई और बीजेपी के टिकट पर रविंद्र कुमार राय सांसद चुने गए।
साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम को देखें तो कोडरमा लोकसभा की 6 विधानसभा सीटों में से 4 पर भारतीय जनता पार्टी एक सीट पर झारखण्ड विकास मोर्चा ( प्रजातांत्रिक) और एक सीट पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट-लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) को जीत मिली थी। इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में कोडरमा में कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 12 हजार 85 है। कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 58 हजार 523, महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 53 हजार 546 और ट्रांस जेंडर के कुल 16 मतदाता शामिल हैं।
एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के रविंद्र कुमार राय को 3 लाख 65 हजार 410 वोट मिले थे जबकि CPI ML (L) के राजकुमार यादव 2 लाख 66 हजार 756 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं JVM के प्रणव कुमार वर्मा 1 लाख 60 हजार 638 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे थे।
एक नजर 2009 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो झारखंड विकास मोर्चा के बाबूलाल मरांडी ने 1 लाख 99 हजार 462 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं CPI ML (L) के राज कुमार यादव 1 लाख 50 हजार 942 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बीजेपी के लक्ष्मण स्वर्णकार को 1 लाख 15 हजार 145 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर
साल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी के बाबूलाल मरांडी ने 3 लाख 66 हजार 656 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के चंपा वर्मा 2 लाख 11 हजार 712 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि CPI ML (L) के राज कुमार यादव को1 लाख 36 हजार 554 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।