Jharkhand Assembly Election 2019: एक नजर Hussainabad Assembly सीट पर

punjabkesari.in Tuesday, Nov 19, 2019 - 12:33 PM (IST)

रांचीः झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर 5 चरणों में चुनाव होने जा रहे हैं। पहले चरण के तहत 30 नवंबर को 13 सीटों पर मतदान करवाए जाएंगे। वह 13 सीटें चतरा, गुमला, बिशुनपुर, लोहरगदरा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर हैं। इस खबर में हम आपको हुसैनाबाद विधानसभा सीट के बार में बताने जा रहे हैं।

झारखंड के 81 विधानसभा सीटों में से एक हुसैनाबाद विधानसभा सीट है। पलामू जिले में स्थित यह विधानसभा क्षेत्र पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। झारखंड राज्य के अस्तित्व में आने के बाद अगर बात करें विधानसभा चुनाव के बारे में तो साल 2005 में इस सीट पर एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह विधायक चुने गए जबकि 2009 में यह सीट राजद के खाते में गई और संजय कुमार सिंह विधायक चुने गए तो वहीं 2014 के चुनाव में यहां से बसपा के कुशवाहा शिवपूजन मेहता विधायक बने हालांकि कुछ दिनों पहले शिवपूजन मेहता बसपा छोड़ आजसू में शामिल हो गए हैं लेकिन महागठबंधन की वजह से यह सीट राजद के खाते में गई है और राजद ने 2009 में विधायक रहे संजय सिंह यादव को एक बार फिर से उम्मीदवार बनाया है वहीं बीजेपी ने विनोद सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

एक नजर 2019 विधानसभा चुनावों के नतीजों पर
साल 2019 में हो रहे चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस सीट पर कुल 2 लाख 73 हजार 981 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 49 हजार 107 और महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 24 हजार 874 है।

एक नजर 2014 विधानसभा चुनावों के नतीजों पर
साल 2014 के विधानसभा चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो इस सीट पर बीएसपी के कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह को 27 हजार 752 वोटों से हराकर अपना परचम लहराया था। कुशवाहा शिवपूजन मेहता को कुल 57 हजार 275 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह को कुल 29 हजार 523 वोट मिले थे तो वहीं तीसरे स्थान पर रहे बीजेपी के कामेश्वर प्रसाद कुशवाहा को कुल 25 हजार 430 वोट मिले थे।

एक नजर 2009 विधानसभा चुनावों के नतीजों पर
वहीं 2009 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो इस सीट पर राजद के संजय कुमार सिंह ने बीएसपी के कुशवाहा शिवपूजन मेहता को 3 हजार 563 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी। संजय कुमार सिंह को कुल 26 हजार 735 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे बीएसपी के कुशवाहा शिवपूजन मेहता को कुल 23 हजार 172 वोट मिले थे। वहीं तीसरे स्थान पर रहे जेडीयू के दशरथ कुमार सिंह को 22 हजार 163 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

एक नजर 2005 विधानसभा चुनावों के नतीजों पर
वहीं साल 2005 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो इस सीट पर एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह ने राजद के संजय कुमार सिंह को मात्र 35 मतों से शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया था। कमलेश कुमार सिंह को कुल 21 हजार 661 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे संजय कुमार सिहं को 21 हजार 626 वोट मिले थे। वहीं तीसरे स्थान पर रहे जेडीयू के दशरथ कुमार सिंह को 20 हजार 793 वोट मिले थे।

झारखंड बनने के बाद इस सीट पर हुए विधानसभा चुनाव परिणामों का विश्लेषण करें तो इस सीट पर किसी एक पार्टी का कब्जा कभी नहीं रहा है और न ही किसी उम्मीदवार को दोबारा जीत मिली है। ऐसे में इस सीट को जीतना किसी भी पार्टी के लिए आसान नहीं है।

Nitika