गिरिडीह में बोले अमित शाह- सोनिया और राहुल बाबा बताएं 55 साल में झारखंड के लिए क्या किया

punjabkesari.in Saturday, Dec 14, 2019 - 02:05 PM (IST)

रांचीः भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड के गिरिडीह में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी और राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि आपने 55 साल में झारखंड के लिए क्या किया इसका जरा हिसाब-किताब लेकर आइए। शाह ने कहा कि झारखंड की जनता तय करके बैठी है कि इस बार फिर एक बार कमल की सरकार बनानी है। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में झारखंड को फिर विकास के मार्ग में आगे बढ़ाना है। झारखंड में आज जो गठबंधन सामने है वो राजनीतिक फायदा उठाने वाला है।

अमित शाह ने कहा कि मैं हेमंत जी को पूछना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री बनने के लिए जिस कांग्रेस की गोद में बैठकर आए हो, झारखंड के युवाओं पर गोली चलाने वाली वह ही कांग्रेस थी। जिस झारखंड को अटल जी ने बनाया, उस झारखंड में रघुवर दास और नरेन्द्र मोदी जी की जोड़ी ने झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने का काम किया है। जिस झारखंड के अंदर नक्सलवादियों का नंगा नाच दिखाई पड़ता था आज मैं कहने आया हूं कि नरेन्द्र मोदी जी और रघुवर दास जी ने नक्सलवादियों को 20 फुट जमीन के नीचे दबाने का काम किया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को जब भी मौका मिला, तब-तब उन्होंने झारखंड को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां की गरीब जनता का पैसा थैलों में भर-भरकर ये दिल्ली के दरबार में ले जाते थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा घोषणापत्र लेकर आई है। मैं आज मेरे झारखंड के ओबीसी समाज के सभी युवाओं को कहने आया हूं कि एक बार मोदी जी के नेतृत्व में कमल फूल की सरकार बना दो, आदिवासी और दलितों का आरक्षण कम किए बिना पिछड़ा समाज का आरक्षण बढ़ाने का काम करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद से झारखंड क्षेत्र में 22,000 किमी रोड का निर्माण हुआ था, भाजपा सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 22,865 किमी रोड निर्माण झारखंड में हुआ है। कांग्रेस सरकार के अब तक के 55 वर्षों के हिसाब पर, भाजपा के 5 साल के काम का हिसाब भारी पड़ेगा। किसानों और दुकानदारों का बीमा भाजपा सुनिश्चित करने वाली है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण हम देने वाले हैं। सोनिया-मनमोहन वाली कांग्रेस सरकार ने झारखंड को 5 साल में 55,253 करोड़ रुपए दिए थे। नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में 5 साल में झारखंड के विकास के लिए 3,08,487 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि पर फैसला हो गया है। वर्षों से मामला कोर्ट में चल रहा था, लेकिन कांग्रेस ने वर्षों तक इस मसले को लटकाकर रखा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब अयोध्या में आसमान को छूने वाला भव्य राम मंदिर जल्द बनने वाला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं झारखंड वालों का कश्मीर से क्या लेन-देन है। अरे राहुल बाबा, कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा शहादत मेरे झारखंड के युवाओं ने दी है। सेना और CRPF के अंदर झारखंड के युवा ने कश्मीर की बर्फीली पहाड़ियों में अपना लहू बहाया है।

prachi