लोहरदगाः चुनावी सभा में बोले अमित शाह- आज विकास के पथ पर अग्रसर है झारखंड

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 03:09 PM (IST)

लोहरदगाः झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी शंखनाथ बजा दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को मनिका के बाद लोहरदगा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करते हुए चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने जनता से पूर्ण बहुमत और स्थिर सरकार चुनने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड आज विकास के पथ पर अग्रसर है।

अमित शाह ने कहा कि मुझे 2014 का चुनाव याद है, जब हमने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत यहीं लोहरदगा से की थी और झारखंड में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनी थी। आज फिर एक बार 2019 के चुनाव में वह फिर शुरू में ही यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि सालों तक झारखंड की जनता ने एक लंबी लड़ाई लड़ी, सैंकड़ों युवा शहीद हुए, ताकि इस क्षेत्र को अलग राज्य घोषित किया जा सके।

शाह ने कहा कि मगर जब तक केंद्र में कांग्रेस सरकार रही तब तक झारखंड को अलग राज्य नहीं बनाया गया। जब केंद्र में अटल जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो उनकी सरकार ने झारखंड को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जिससे राज्य के लोगों का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि पहली बार महान झारखंड की जनता ने भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और हमने एक गरीब मजदूर के बेटे को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाने का काम जिनके नेतृत्व से झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि रघुवर सरकार ने लोहरदगा में 309 करोड़ रूपए की लागत से 750 किमी से ज्यादा रास्ते बनाने, 90% अनुदान पर 1600 से ज्यादा पशुओं का वितरण करने, 32 स्वास्थ्य उपकेंद्र, 1 सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेंद्र और 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से देशभर में जो आदिवासी वीर आजादी के लिए लड़ते-लड़ते शहीद हुए थे उनका संग्रहालय बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prachi

Recommended News

Related News

static