विधानसभा चुनाव: 18 सितंबर को झारखंड आएंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

punjabkesari.in Friday, Sep 13, 2019 - 06:50 PM (IST)

रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुट गई है। पार्टी झारखंड फतह करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। अब बीजेपी के चाणक्य यानी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद झारखंड दौरे पर आने वाले हैं। झारखंड में अबकी बार 65 पार के लक्ष्य को पूरा करने में बीजेपी जुट गई है। अब बीजेपी के निशाने पर संथाल परगना है।

इसी संथाल परगना के सीटों को हासिल करने के लिए मिशन संथाल के तहत बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हो रही है। 18 सितंबर से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। 18 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जामताड़ा आएंगे। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

राज्य के कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जामताड़ा से करेंगे। इस यात्रा के शुभारम्भ के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास संथाल के सभी विधानसभा का भ्रमण करेंगे। अमित शाह जामताड़ा के कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन को लेकर जिला बीजेपी कमेटी ने तैयारी शुरू कर दी है।

झारखंड में बीजेपी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है। एक ओर घर-घर रघुवर दास जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर अब जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारी है। जाहिर है विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही बीजेपी कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है, ताकि चुनाव प्रचार के दौरान कोई कसर ना रह जाए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static