विधानसभा चुनाव: रांची में बोले CM - झारखंड में फिर बने डबल इंजन की सरकार

punjabkesari.in Monday, Sep 09, 2019 - 11:31 AM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राजधानी रांची के हरमू मैदान में आयोजित कमल सखी सम्मान में शामिल हुए। इस मौके पर पार्टी की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और जिलावार कलश में पौने 6 लाख राखियां सौंपी। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड में फिर से डबल इंजन की सरकार बने, ताकि राज्य का तेजी से विकास हो सके। हर घर के चेहरे पर मुस्कान आए और गरीबों के बच्चे भी अच्छे स्कूलों में पढ़ें। वहीं इसमें बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महत्तवपूर्ण भूमिका निभाएं।

इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महिला कार्यकताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लें। उन्होंने पार्टी की नीतियों तथा केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भ्रम फैलाने वालों से सतर्क रहें। राज्य में कांग्रेस और अन्य दलों का शासन रहा, लेकिन गरीबों के लिए किसी ने कोई काम नहीं किया।

बीजेपी की सरकार ने हर घर शौचालय का निर्माण करवाया। सरकार गरीबों को दो गैस सिलेंडर और चूल्हा दे रही है। इतना ही नहीं  50 लाख तक की संपत्ति की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर महज एक रुपये में हो रही है। सीएम ने कहा कि राज्य में महिलाओं के नेतृत्व में विकास हो रहा है। राज्य की सखी मंडलों को आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी टू इट की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। इन दीदियों को ट्रेनिंग देकर 80 लाख पोशाक तैयार करवाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुपोषण का सीधा संबंध गर्भवती से है। वह अच्छा खाएंगी तभी बच्चा हृष्ट-पुष्ट होगा। गर्भवती बहनों के लिए सरकार 6 हजार देती है। बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इसकी जानकारी महिलाओं को दें। मुख्यमंत्री को राज्य के 6.75 लाख महिलाओं ने राखियां बांधी। सांकेतिक रूप से महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष और पांचों प्रमंडल से एक-एक महिलाओं ने राखियां बांधी। वहीं जिलावार राखियों से भरा कलश मुख्यमंत्री को सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की रक्षा का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि रघुवर का यह दास आपके सुख-दुख में 24 घंटे खड़ा रहेगा। किसी भी माता-बहनों को तकलीफी होगी तो सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके यहां तक पहुंचने में उनकी मां समेत राज्य की महिलाओं का बड़ा योगदान है।

Edited By

Jagdev Singh