विधानसभा चुनाव: लालू यादव से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने की मुलाकात

punjabkesari.in Sunday, Sep 22, 2019 - 01:34 PM (IST)

रांची: चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से शनिवार को झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल में मुलाकात कर विधानसभा चुनावों में गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा की। लालू एक मामले में जेल की सजा काट रहे हैं और फिलहाल स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वह रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भर्ती हैं। वहीं जेल के नियमानुसार उनसे प्रत्येक शनिवार को तीन व्यक्ति मिल सकते हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने संवाददाताओं से कहा, 'लालू प्रसाद का स्वास्थ्य ठीक नहीं है।' राजनीतिक चर्चा के मुद्दे पर उन्होंने कहा, 'लालू चाहते हैं कि विपक्षी दल एक साथ चुनाव लड़ें।'लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की शर्मनाक हार से झारखंड में विपक्षी दलों का आत्मविश्वास बहुत ज्यादा गिरा हुआ है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), राजद, कांग्रेस और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक के महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ने के बावजूद इन्हें 14 में से महज दो सीटें ही हासिल हो पाई थी।झारखंड विधानसभा चुनावों में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन सत्तारूढ़ बीजेपी के खिलाफ गठबंधन के लिए विपक्षी दलों की कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। लालू प्रसाद के साथ कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक को इसी दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static