विधानसभा चुनाव: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव बोले- पार्टी 35 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी

punjabkesari.in Saturday, Oct 12, 2019 - 11:30 AM (IST)

देवघर: झारखंड कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव को लेकर संथाल परगना से प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। वहीं इस सिलसिले में देवघर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव में पार्टी 35 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। संथाल परगना की 18 सीटों में से 6 सीटों पर कांग्रेस का दावा है। जिसमें देवघर भी शामिल है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बात चल रही है। एक सप्ताह के अंदर इसे अंतिम स्वरूप दे दिया जाएगा।

वहीं नेतृत्व के सवाल पर रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, यह सीटों के बंटवारे के बाद तय हो जाएगा। सीएम रघुवर दास पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासियों को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री, संताल और कोल्हान में पसीना बहा रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता उन्हें सही और सटीक जवाब देगी। सभी वर्ग के लोग बीजेपी सरकार से असंतुष्ट है। इसलिए सत्ता परिवर्तन तय है। इस मौके पर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू, प्रदीप बालमुचू सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी महागठबंधन बनाने को लेकर झामुमो, कांग्रेस, झाविमो और राजद में बातचीत जारी है। अभी तक यह स्वरूप नहीं ले पाया है। इसी बीच शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने रांची में झाविमो अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राजनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने हेमंत सोरेन से मिलकर महागठबंधन के मसले पर उलझे पेंच को सुलझाने की कोशिश की थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static