रांची एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, उड़ान भरने से पहले इंडिगो के विमान से टकराया पक्षी, 144 यात्री बाल

punjabkesari.in Thursday, Sep 05, 2019 - 11:30 AM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में बुधवार की सुबह 9:50 बजे बड़ा हादसा टल गया। रांची से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान (नं. 6ई-421-398) ने जैसे ही रनवे पर टेक ऑफ करने के लिए स्पीड पकड़ी, एक पक्षी उससे टकराने के बाद उसके इंजन में घुस गया। इससे जोरदार आवाज हुई। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, जिससे विमान में बैठे 144 यात्रियों काे झटका लगा, लेकिन इससे बड़ा हादसा टल गया।

वहीं बर्ड हिट की सूचना पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल काे दी और सुरक्षा कारणों से विमान उड़ाने से मना कर दिया। रनवे से विमान काे वापस लाकर सभी यात्रियों काे डि-बाेर्डिंग कर दिया गया। देर रात तक विमान में आई गड़बड़ी ठीक नहीं की जा सकी थी। रांची एयरपोर्ट के आसपास मांस, मछली की दुकानें है। वहीं ठेले पर बिकने वाले चिकन आदि को लोग इधर- उधर फेंक देते हैं। इस कारण भी पक्षी एयरपोर्ट के आसपास मंडराते हैं। रनवे के आसपास दो तरह के पक्षी अधिक आते हैं। पहला है चील, जो दिन में आते हैं और दूसरा है उल्लू, जो रात में आते हैं। इसके साथ ही रनवे के आसपास घास में विभिन्न तरह के कीड़े रहते हैं। ये पक्षी इन्हीं कीड़ों को खाने के लिए रनवे के आसपास मंडराते हैं।

वहीं विमान ग्राउंडेड हाेने पर 144 यात्रियों में से 18 ने अपनी यात्रा स्थगित कर टिकट कैंसिल करा लिया। बाकी यात्रियों काे एयर एशिया और इंडिगो की दूसरी फ्लाइट में दोपहर से रात तक में एडजस्ट किया गया। वहीं इंडिगाे एयरलाइंस ने बताया कि बर्ड हिट के कारण इंजन के तीन ब्लेड टूट गए हैं, इंपाेर्ट और शिपिंग काॅस्ट मिलाकर इनकी कीमत एक करोड़ रुपए है। दिल्ली से ब्लेड मंगाए गए हैं। तीनाें ब्लेड लगाने के बाद ही विमान उड़ान भर पाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी मुताबिक गुरुवार काे विमान के उड़ान भरने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static