झारखंड विस चुनावः जेल में बंद झाविमो के नेता बंधु तिर्की को नामांकन दाखिल करने की मिली अनुमति

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 11:11 AM (IST)

राचीः बहुचर्चित 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले में जेल में बंद पूर्व मंत्री एवं झारखंड विकास मोर्चा के नेता बंधु तिर्की को भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो की विशेष अदालत ने विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने की गुरुवार को अनुमति दे दी। अदालत के आदेश पर बंधु तिर्की 16 नवंबर को मांडर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 

बंधु झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। इससे पूर्व भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) की विशेष अदालत में उनके अधिवक्ता ने नामांकन के लिए अनुमति याचिका दाखिल की थी। जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने पर्चा दाखिल करने की अनुमति बंधु तिर्की को प्रदान की। बंधु तिर्की वर्तमान में आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने, पत्थलगड़ी के एक मामले में एवं राष्ट्रीय खेल घोटाले में आरोपित हैं और न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

उल्लेखनीय है कि, झारखंड में 5 चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। 30 नवंबर को पहले चरण में 13 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 7 दिसंबर को 20 सीटों पर मतदान होगा। 12 दिसंबर को तीसरे चरण में 17 सीटों, 16 दिसंबर को चौथे चरण में 15 सीटों पर और 20 दिसंबर को आखिरी चरण में 16 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं 23 दिसंबर को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Ajay kumar