मानव तस्करी मामले में गिरफ्तार प्रभा मुनि को बड़ी राहत, झारखंड हाईकोर्ट ने दी सशर्त जमानत

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 05:56 PM (IST)

रांची: मानव तस्करी मामले में आरोपी प्रभा मुनि को झारखंड हाइकोर्ट ने बुधवार को बड़ी राहत दी। हाइकोर्ट ने मानव तस्करी के मामले में प्रभा मुनि को सशर्त जमानत दे दी। कोर्ट ने प्रभा मुनि को निचली अदालत में सुनवाई के दिन उपस्थित होने और पासपोर्ट जमा कराने की शर्त पर जमानत दी है। प्रभा पर आरोप है कि वह दो एनजीओ की आड़ में मानव तस्करी का कारोबार करती थी। वर्ष 2018 में उसकी गिरफ्तारी के बाद सिमडेगा के एसपी संजीव कुमार ने कहा था कि इस सफेदपोश गतिविधियों की आड़ में प्रभा मानव तस्करी का काला कारोबार कर रही थी। एसी ने प्रभा के बारे में कई और चौंकाने वाले खुलासे भी किए थे।

मूल रूप से जशपुर के डांडपानी की निवासी प्रभा करीब 13 वर्ष पहले दिल्ली गई थी। वहां वेस्ट पंजाबी बाग में उसका बड़ा फ्लैट है। वे निहाल विहार दिल्ली में अपना कार्यालय चलाती थी। यहीं प्रोडक्शन हाउस भी बना रखा था, जिसमें नागपुरी फिल्मी गीतों की शूटिंग होती थी। वर्ष 2013 के जिस मामले में प्रभा मुनि को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, उस मामले में सिमडेगा पुलिस ने वर्ष 2015 में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। 6 मई, 2013 को एचटीयू थाना में प्रभा मुनि और उसके पति रोहित मुनि के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

अपहरण की शिकार 3 बच्चियों ने कोर्ट में कहा था कि प्रभा और रोहित बहला-फुसलाकर उन्हें दिल्ली ले गए और वहां काफी पैसा लेकर बड़ी कोठियों में काम करने के लिए सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली से प्रभा को गिरफ्तार किया था। दिल्ली में गिरफ्तार झारखंड की वांछित मानव तस्कर प्रभा मिंज मुनि ने दिल्ली एटीएस की पूछताछ में कई खुलासे किए थे। मानव तस्करी के पैसे से उसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी। सिर्फ दिल्ली के पंजाबी बाग में 250 करोड़ के भूखंड पर आलीशान मकान है। अपनी बेटी की फिल्म के लिए 5 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

prachi