विधानसभा चुनाव से पहले झामुमो को बड़ा झटका, केंद्रीय सचिव ने छोड़ी पार्टी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 13, 2019 - 12:19 PM (IST)

पाकुड़ः झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय कमेटी के सचिव अकील अख्तर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया है।

पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन को सोमवार को लिखे पत्र में अख्तर ने कहा है, ‘‘वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तथा केंद्रीय सचिव का पद छोड़ रहे हैं। उनके त्यागपत्र की एक प्रति मीडिया को जारी की गई है। हालांकि, उन्होंने पार्टी छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया है। अख्तर के विश्वस्त सहयोगी ने बताया कि वह बुधवार को संभवत: आजसू में शामिल हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि, झारखंड में 5 चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। 30 नवंबर को पहले चरण में 13 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 7 दिसंबर को 20 सीटों पर मतदान होगा। 12 दिसंबर को तीसरे चरण में 17 सीटों, 16 दिसंबर को चौथे चरण में 15 सीटों पर और 20 दिसंबर को आखिरी चरण में 16 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं 23 दिसंबर को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।   

Ajay kumar