झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता: 5 पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में 4 नक्सली गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2019 - 04:14 PM (IST)

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकडु साप्ताहिक हाट में 14 जून की शाम पुलिस पर हमला करने वाले 4 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इस हमले में 2 एएसआई सहित 5 जवान शहीद हो गए थे। पुलिस ने इनमें एक के पास से एक शहीद जवान का सिम समेत मोबाइल फोन बरामद किया है। नक्सलियों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस नक्सली हमले में एएसआई गोवर्धन पासवान, एएसआई मनोधन हांसदा, सिपाही युधिष्ठिर मालुआ, सिपाही डिब्रू पूर्ति, सिपाही धनेश्वर महतो शहीद हो गए थे। एसपी कार्तिक एस ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि तिरूलडीह कुकडू हाट में पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले नक्सली ईचागढ़ थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। इसके बाद फौरन एक पुलिस टीम बनाई गई।

टीम ने महाराज प्रमाणिक के दस्ता के हार्डकोर नक्सली सुनील टुडू को गिरफ्तार कर लिया। सुनील टुडू की निशानदेही पर इस घटना में शामिल बुधुराम मार्डी, श्रीराम मांझी और रामू उर्फ रामनरेश लोहार को गिरफ्तार किया गया। हार्डकोर नक्सली सुनील टुडू ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया की पुलिसकर्मियों की हत्या की योजना रमेश उर्फ अनल ने बनाई थी। घटना को महाराज प्रमाणिक, अमित मुंडा, अतुल, टीपू उर्फ टीपुरा, बुधुराम मार्डी रामनरेश लोहार और श्रीराम मांझी ने अंजाम दिया था।


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static