भाजपा सरकार ने लूट और झूठ के सहारे झारखंड में किया शासन : सत्यानंद भोक्ता

punjabkesari.in Sunday, Jan 05, 2020 - 02:45 PM (IST)

चतराः झारखंड में चतरा से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक व कैबिनेट मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने पिछले पांच वर्षों तक प्रदेश में लूट और झूठ के सहारे शासन किया है।

CAA पर CM हेमंत सोरेन का निर्णय होगा सर्वमान्य
आभार यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में भोक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों तक झारखंड में लूट और झूठ के सहारे शासन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में CAA लागू करने के बारे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का निर्णय ही सर्वमान्य होगा। महागठबंधन की सरकार CAA पर जो निर्णय लेगी उसे ही राज्य में लागू किया जाएगा।

चतरा में धन की नहीं नेताओं के मन की रही है कमी
मंत्री ने आगे कहा कि चतरा एक औद्यौगिक नगरी है, यहां के बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जिससे चतरा सहित पूरे राज्य में विकास की नई बयार बहेगी। उन्होंने कहा कि चतरा में नेताओं की कमी थी, यहां धन की कमी नहीं है बल्कि नेताओं के मन की कमी थी। इसीलिए चतरा का संपूर्ण विकास नहीं हो पाया।

अच्छे दिन का नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ
भोक्ता ने भाजपा के अच्छे दिन के नारे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2019 तक भाजपा के अच्छे दिन का नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है और वर्ष 2020 से प्रदेश के लोगों के लिए अब अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने बताया कि वह भाजपा में रहे हैं और वहां की कार्य-संस्कृति से लोग ऊब चुके हैं।

Ajay kumar