BJP सांसद ने लोकसभा में की मांग, कहा- झारखंड के बांधों से राज्य को उपलब्ध करवाया जाए पानी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 10, 2019 - 02:56 PM (IST)

नई दिल्ली/रांचीः लोकसभा में भाजपा सदस्य निशिकांत दूबे ने मंगलवार को झारखंड में मयूराक्षी और चानन नदी पर बने बांधों से संबंधित पानी का पश्चिम बंगाल और बिहार द्वारा इस्तेमाल करने का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही उन्होंने इसका समाधान निकालने के लिए समिति गठित करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए निशिकांत दूबे ने कहा कि झारखंड में दो नदियां मयूराक्षी और चानन हैं। इन पर बांध झारखंड के क्षेत्र में बने हैं लेकिन पानी का उपयोग पश्चिम बंगाल और बिहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई 1978 में पश्चिम बंगाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री ज्योति बसु और बिहार के तब के मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बीच समझौता हुआ था। इसमें कहा गया था कि बंगाल तीन बांध का निर्माण करेगा। भाजपा सांसद ने कहा कि समझौते को 40..41 साल हो गए हैं लेकिन अब तक पश्चिम बंगाल ने कोई कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं निशिकांत दूबे ने कहा कि इन विषयों पर विचार करने के लिए समिति बनाई जाए। लोजपा के सांसद प्रिंस राज ने समस्तीपुर में बंद जूट मिल के श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार से कदम उठाने की मांग की। उन्होंने उच्च न्यायालय के फैसले का जिक्र करते हुए जूट मिल के संबंध में राशि स्वीकृत करने की मांग की ताकि श्रमिकों की परेशानियों का समाधान निकाला जा सके। भाजपा के वीरेन्द्र सिंह ने आयुष्मान भारत योजना को ठीक ढंग से लागू करने की मांग की और असहयोग करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
 

Nitika