कांग्रेस उम्मीदवार को पिस्तौल लहराते देख बूथ लूटने का पुराना जमाना याद आ गया: मीनाक्षी लेखी

punjabkesari.in Sunday, Dec 01, 2019 - 01:08 PM (IST)

रांची: भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने डाल्टनगंज में एक मतदान केन्द्र पर कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णानन्द त्रिपाठी द्वारा पिस्तौल लहराए जाने पर आज कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी इस हरकत को देखकर बंदूक की नोक पर बूथ लूटने का वह पुराना जमाना याद आ गया जब ऐसी घटनाएं चुनावों में आम हुआ करती थीं।

जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, असल में यह कृष्णानंद त्रिपाठी की गलती नहीं है, चुनावों में पिस्तौल लहराना तो कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है। लेखी ने कहा, यह बड़ी चिंता की बात है कि अभी भी कांग्रेसी नेता वही कारनामा दोहरा रहे हैं जिसके लिए पुराने जमाने में वे जाने जाते थे। जब बूथ बंदूक की नोक पर लूटे जाते थे।

वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीयता की बात करते हुए राजनीति करने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने झारखंड लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं से स्थानीय भाषाओं को समाप्त कर दिया और कांग्रेस अपना ‘गरीबी हटाओ' का नारा ही भूल गयी।

Ajay kumar