भाजपा परिवारवाद और वंशवाद की नहीं बल्कि कार्यकर्त्ताओं की पार्टीः मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Wednesday, Apr 11, 2018 - 11:56 AM (IST)

दुमकाः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा का जो विराट रूप आप देख रहे हैं इसकी शुरूआत जनसंघ की स्थापना से हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवारवाद और वंशवाद की पार्टी नहीं बल्कि कार्यकर्त्ताओं की पार्टी है। हमें गर्व होना चाहिए कि 20 राज्यों में भाजपा और सहयोगी पार्टियों की सरकार है। 

भाजपा के बढ़ते हुए जनाधार से विपक्षी दल में बौखलाहट 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के बढ़ते हुए जनाधार से विपक्षी दल बौखला गया है। इसके साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याण नीतियों से उन्हें डर लग रहा है। कांग्रेस, जेएमएम, जेवीएम और आरजेडी ने राज्य का विकास नहीं किया, सिर्फ लूटने में लगे रहे। इन्होंने गरीब आदिवासियों के पैसों का गबन किया। पीएम मोदी सबका साथ सबका विकास के मंत्र को अपनाते है इसलिए विपक्षी पार्टियों में बौखलाहट होती है। केवल पीएम ने ही गरीब आदिवासी की चिंता की है। अब विपक्ष बौखला रहा है, गांव में बिजली जा रही है तो शिक्षा का उजियारा होगा, फिर वोटबैंक की दुकान कैसे चलेगी। हेमंत सोरेन खुद बोकारो के रहने वाले हैं, लेकिन दुमका में उनके पास कितनी जमीन है यह किसी से छिपा नहीं है। 

दुनिया में राज्य की छवि को खराब करने वाली पार्टी झामुमो 
सीएम ने कहा कि अब हेमंत सोरेन सीएनटी एक्ट को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। राज्य में जेएमएम की सरकार चार बार बनी, मधु कोड़ा को मोहरा बनाकर इन्होंने राज्य को लूटा है। दुनिया में राज्य की छवि को खराब करने वाली झामुमो पार्टी है। स्थानीय नीति पर लोगों को गुमराह कर इन्होंने भाजपा की सरकार गिरा दी और फिर खुद सीएम बन गए,लेकिन स्थानीय नीति पर कुछ नहीं किया। जेएमएम ने अपने स्वार्थ के लिए राज्य और यहां के आदिवासियों की अस्मिता को लूटा है। 

सांसद रिश्वत कांड से राज्य हुआ शर्मसार 
रघुवर दास ने कहा कि सांसद रिश्वत कांड से राज्य शर्मसार हुआ था। फिर इन्होंने 2008 में फिर रिश्वत कांड को अंजाम दिया। मुख्यमंत्री बने, 6 महीने में चुनाव जीतना था तो जेएमएम और कांग्रेस ने साजिश रच कर गुरु जी को ही चुनाव नहीं जीतने दिया। उन्होंने कहा कि मौका मिलेगा तो वह जेएमएम पर किताब लिखेंगे, कैसे एक पुत्र अपने पिता को जेल में बंद रखकर मुगल शासन चला रहा था। जो अपने पिता का नहीं हुआ वह राज्य की जनता का कैसे होगा। हम वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति से नहीं आए हैं। भाजपा में एक मजदूर भी राज्य का सेवक बनता है। अपने शहर में भाजपा की सरकार बनाइए। केंद्र से योजनाएं चलेंगी तो सीधे आप तक विकास पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उन्हें बताइए कि पिछले साढ़े तीन साल में दुमका की तस्वीर किस तरह बदली है।

Punjab Kesari