BJP ने शुरू की विस चुनाव की तैयारी, राज्य में 9 सितंबर से होगी घर- घर रघुवर अभियान की शुरूआत

punjabkesari.in Monday, Sep 02, 2019 - 11:20 AM (IST)

रांची: झारखंड प्रदेश बीजेपी 9 सितंबर से पूरे राज्य में एक अभियान शुरू करेगी, जिसका नाम घर-घर रघुवर होगा। झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू होने तक अभियान जारी रहेगा। इसके तहत राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सभी घरों तक पहुंचाया जाएगा। रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तय हुए कार्यक्रमों की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने प्रेसवार्ता में दी।

इस दौरान झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि घर-घर रघुवर अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर घरों में संपर्क कर उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना आदि से हुए लाभ के बारे में लाेगों को बताएंगे। साथ ही उपयुक्त परिवारों को इन योजनाओं से लाभान्वित भी कराएंगे। उन्होंने कहा कि 65 प्लस लक्ष्य पाने के लिए 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरे राज्य में पार्टी जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी।

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत प्रदेश, जिला और मंडल के सभी नेता जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त सभी मंडलों में 5 से 10 सितंबर तक बैठकें होंगी। इन बैठकों में उक्त मंडल में निवास करनेवाले प्रदेश पदाधिकारी से लेकर बूथ अध्यक्ष तक शामिल होंगे। प्रेसवार्ता में दीपक प्रकाश, राजेश शुक्ला, दीनदयाल बर्णवाल और शिवपूजन पाठक मौजूद थे।

लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को रांची आएंगे, जिसमें वे झारखंड को कई सौगात देंगे। वहीं प्रेसवार्ता के पूर्व हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल हुए। बैठक मे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सहित कई अन्य नेता शामिल हुए

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static