लातेहार में NH-75 पर ब्रिटिशकालीन पुल क्षतिग्रस्त, यातायात बाधित

punjabkesari.in Tuesday, Jan 01, 2019 - 02:34 PM (IST)

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में एक ब्रिटिशकालीन पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। सोमवार सुबह एक यात्री ने पुल धंसने की जानकारी पुलिस को दी। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पुल से आवागमन बंद करा दिया गया है। दो पहिया वाहन ही पुल से होकर आ-जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर इसी पुल के बगल में तीन वर्षों से पुल निर्माणाधीन है।

लातेहार जिला के मनिका थाना क्षेत्र के नदबेलवा गांव के समीप एनएच 75 (रांची-मेदिनीनगर) स्थित दोमुहान पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण रांची से मेदिनीनगर की ओर जानेवाले भारी वाहन चालकों को करीब 60 से 70 किलोमीटर की दूरी अधिक तय करनी पड़ रही है।  वहीं कार व छोटी गाड़ियों को मेदिनीनगर जाने के लिए 10 किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्हें मनिका के मटलौंग से होकर करमाही मोड़ निकलना पड़ रहा है। वहीं दूसरी  ओर  मनिका विधायक हरेकृष्ण सिंह व उपायुक्त राजीव कुमार  ने भी क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया।

विधायक ने पदाधिकारियों को  निर्देश दिया कि पुल पर वाहनों का परिचालन बंद करें। साथ ही उन्होंने पुल बंद का बोर्ड दोनों ओर लगाने का निर्देश भी दिया है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग की जानकारी भी देने को कहा।  विधायक ने कहा कि इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उन्होंने निर्माणाधीन पुल बनाने वाले ठेकेदार से फोन पर बात कर शीघ्र पुल बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही की जानकारी से विभागीय मंत्री और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।

prachi