बजट सत्रः राज्यपाल के अभिभाषण से हुई शुरुआत, विपक्ष ने की नारेबाजी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 17, 2018 - 01:45 PM (IST)

रांचीः झारखंड में विधानसभा का 15 दिवसीय बजट सत्र बुधवार से शुरु हो गया है। इस बजट सत्र का आरम्भ राज्यपाल द्रोपदी मुर्मु के व्याख्यान से हुआ। राज्यपाल ने सभा को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में बहुत सी उपलब्धियां हासिल की है। 

राज्यपाल ने सरकार द्वारा आयोजित स्किल सम्मिट 2018 को युवाओं के रोजगार के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। इसके साथ-साथ उन्होंने सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया। द्रोपदी मूर्मू ने सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की। भिन्न-भिन्न जिलों में 8 न्यायालयों की स्थापना को लिए भी राज्यपाल ने सरकार की प्रशंसा की। इसके साथ ही नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के अभियान को भी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। 

इस बजट सत्र में विपक्ष द्वारा हंगामा किया जाने की उम्मीद जताई जा रही है। विपक्ष ने  सत्र के पहले दिन मांग की है कि मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और पुलिस महा निदेशक डीके पांडेय को उनके पद से हटाया जाए। इस दौरान विपक्ष द्वारा नारेबाजी भी की गई।

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में पक्ष और विपक्ष के विधायकों को सलाह दी कि राज्य के लोगों के हित में ही निर्णय लिया जाए। इसके साथ ही रघुनाथ झा सहित अन्य विधायकों और सांसदों को श्रद्धांजलि देने के उपरान्त ही सत्र को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।