कैबिनेट फैसले: आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका की उम्र सीमा 60 से 62 करने के साथ 22 प्रस्तावों पर लगी मुहर

punjabkesari.in Thursday, Sep 12, 2019 - 12:22 PM (IST)

रांची: झारखंड कैबिनेट की बुधवार 11 सितबंर को मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। वहीं इस बैठक में राज्य की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के काम करने की उम्र सीमा 60 से बढ़ाकर 62 साल कर दी गई है। इसके साथ ही कैबिनेट 22 अन्य प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पहले ही इसकी घोषणा कर दी थी।

कैबिनेट ने इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय और राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के गाइडलाइन में बदलाव कर दिया है। योजना की मंजूरी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और शहरी क्षेत्रों में अनुमंडल पदाधिकारी (सीओ) को अधिकृत किया गया है।

महिला, बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव अमिताभ कौशल ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा की केंद्र की तीन पेंशन योजनाओं के साथ राज्य की 6 योजनाओं के गाइडलाइन में बदलाव किया गया है। इसमें लाभुक के नाम हटाने या उनकी मृत्यु होने पर कोई सूचना नहीं मिल पाती थी। अब नाम हटाने से पहले 15 दिनों का नोटिस दिया जाएगा। पता बदलने पर एक महीने का नोटिस जारी होगा। हर साल लाभुकों की सूची भी जारी होगी।

Edited By

Jagdev Singh