महेंद्र सिंह धोनी के 38वें जन्मदिन पर रांची में जबरदस्त जश्न

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2019 - 11:46 AM (IST)

रांची: महेंद्र सिंह धोनी यानि माही का मतलब करोड़ों क्रिकेटप्रेमियों के दिलों की धड़कन। रांची के लोकल हीरो। झारखंड के इस खूबसूरत शहर के गली-मुहल्लों, मेकॉन में क्रिकेट खेलने वाला एक आम लड़का और अब भारतीय क्रिकेट का चमकता हुआ सितारा महेंद्र सिंह धोनी अपने हेलीकॉप्‍टर शॉट के दम पर देश-दुनिया में अमिट पहचान कायम करने वाले महारथी एमएस धोनी 7 जुलाई रविवार के दिन को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट जगत का वह सुपरस्‍टार है, जिसे शायद ही कोई अपनी यादों से बिसरा सकता है। धोनी की प्रशंसा करते हुए शनिवार को आइसीसी ने भी उन्‍हें निर्विवाद रूप से विरासत के तौर पर उदृत किया है। लिखा- धोनी सिर्फ एक नाम नहीं, लाखों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं।

वर्तमान दौर में जितने धोनी के प्रशंसक-मुरीद हैं, उतने ही बच्‍चे और युवा उनसे प्रेरणा लेकर अपने खेल को धार देने में जुटे हैं। रविवार को अपने हीरो के जन्‍मदिन के मौके पर रांचीवासी जोरदार जश्‍न मना रहे हैं। यहां क्रिेकेटप्रेमियों ने अपने चहेते के लिए जबरदस्त महफिल सजा रखी है। झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर धोनी को जन्‍मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

भले मौजूदा विश्‍व कप में अपनी धमक नहीं दिखा पा रहे हों, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट जगत में अकेले ऐसे कप्‍तान हैं, जिन्‍होंने आइसीसी की तीनों ट्रॉफियां अपने नाम की हैं। विश्‍व कप, वर्ल्‍ड टी20 और चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर धोनी ने इतिहास रचा है। विवादों से दूर रहने वाले ये धोनी ही हैं, जिनकी कप्‍तानी में टीम इंडिया ने टेस्‍ट और वनडे में टॉप रैंकिंग हासिल की। आइपीएल की बात करें तो यहां भी धोनी ने अपनी टीम चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स को तीन बार खिताब जिताया।

इस दौरान आइसीसी ने टीम इंडिया के अनुभवी विकेटकीपर बल्‍लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के जन्‍मदिन के मौके पर ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर उनकी तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। क्रिकेट की सर्वोच्‍च संस्‍था अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को धोनी को भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला खिलाड़ी बताते हुए ट्वीट किया, धोनी वह नाम है जो दुनिया के लाखों लोगों को प्रेरणा देता है। वह निर्विवाद रूप से हमारे विरासत हैं।

वहीं नौकरी की तलाश में उत्तराखंड के अलमोड़ा से रांची में आकर बसे पिता पान सिंह के घर 7 जुलाई 1981 को जन्मे महेंद्र सिंह धोनी साधारण परिवार से आते हैं। पहले उन्‍होंने टिकट कलेक्टर की नौकरी की। उनके पिता पान सिंह यहां मेकॉन लिमिटेड में मैनेजर से रिटायर हुए हैं। धोनी की मां देवकी देवी आम गृहि‍णी हैं।

Edited By

Jagdev Singh