केंद्र सरकार महिलाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कर रही काम: रघुवर दास

punjabkesari.in Monday, Nov 19, 2018 - 07:15 PM (IST)

पलामू: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं को बढ़ावा देने की दिशा में काफी काम कर रही है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार दो अति महत्वपूर्ण कैबिनेट मंत्री के पद पर महिला विराजमान है। विदेश मंत्रालय सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्रालय निर्मला सीतारमण देख रही हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है। भारतीय वायु सेना के पायलट के तौर पर भी महिलाओं को स्थान मिला है, वे अब युद्ध क्षेत्र में भी अपना लोहा मनवा सकती हैं।

सीएम रघुवर दास ने पलामू में फसल बीमा योजना समेत विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल के लोग कृषि पर आधारित हैं। अधिकारियों से अपील है कि किसानों तक बीमा योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाएं, किसानों को किसी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए पूरे राज्य में फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य सरकार 13 करोड़ 13 लाख रुपये की आर्थिक मदद दे रही है। राज्य के 28,146 किसान इससे लाभान्वित होंगे।

हम 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। सरकार किसानों को उन्नत खेती की तकनीक सीखने के लिए इजरायल भी भेज रही है। 29-30 नवंबर को रांची में ग्लोबल एग्रीकल्चर और फूड समिट का आयोजन किया जा रहा है।

हम 2020 तक झारखण्ड के हर गरीब को पक्का मकान देने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। पलामू के टाना भगत समुदाय को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिया जाएगा।

Deepika Rajput