चाईबासा: CM रघुवर दास ने कोल्हान के 11.51 लाख किसानों को दी 452 करोड़ की सौगात

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2019 - 04:23 PM (IST)

रांची/चाईबासा: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को चाईबासा में आयोजित मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ करने के बाद एक समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कोल्हान प्रमंडल के 11 लाख किसानों को 452 करोड़ रुपये की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान राज्य की संस्कृति की धुरी हैं।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारत गांव और किसानों का देश है। लोगों की आजीविका कृषि पर आधारित है, लेकिन, दशकों तक किसानों की समृद्धि और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की किसी ने पहल नहीं की। फलस्वरूप किसान आत्महत्या को मजबूर हुए। वे कर्जदार बने, लेकिन हमारी सरकार ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की है। इसका लाभ किसानों को मिल रहा है।

PunjabKesari

सीएम रघुवर दास ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद किसानों की समृद्धि के लिए बीजेपी की सरकार ने पहल की। केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की, तो झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया। 10 अगस्त, 2019 को योजना के तहत 13 लाख 60 हजार किसानों को 482 करोड़ रुपये दिये गए। ये पैसे सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 11 अक्टूबर, 2019 को योजना के बचे हुए 11 लाख 51 हजार 137 किसानों के खाते में 452 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं। यह राशि पहली किस्त है, जो कुल राशि का 50 प्रतिशत है। दीपावली से पूर्व दूसरी किस्त की 25% राशि किसानों को मिलेगी। नवंबर-दिसंबर तक बाकी पैसे भी उनके खाते में ट्रांसफर कर दिये जाएंगे। इस तरह राज्य के 35 लाख किसानों के खाते में राज्य सरकार 3 हजार करोड़ रुपये डाल देगी। इस पैसे से किसान आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे, कृषि संसाधन जुटाएंगे।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारे किसानों को किसी महाजन से कर्ज नहीं लेना होगा। उन्हें केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना और राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ मिल रहा है। किसान सम्मान निधि योजना की तीसरी किस्त जल्द किसानों को मिलेगी। अब वे आसानी से खेती-बाड़ी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो किसान अब भी इस योजना का लाभ लेने से वंचित हैं, वे प्रखंड कार्यालय में ग्राम सभा से अनुमति प्राप्त कर अपना निबंधन करवा लें। उन्हें भी यह राशि जरूर मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News

static