मुख्यमंत्री ने 243.60 करोड़ की 9 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

punjabkesari.in Sunday, Jan 28, 2018 - 03:43 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को रांची में 243.60 करोड़ रुपए की 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को साकार करने में जुटी हुई है। सीएम ने कहा कि हमारी कोशिश है विकास की रोशनी समाज के हर क्षेत्र तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची में 20 हजार और घर बनाएंगे, अन्य शहरों में 1-1.5 लाख मकानों का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। यातायात, आवास, जलापूर्ति, स्वास्थ्य यहां की बुनियादी समस्या है। इसे हल करने के लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं।

रघुवर दास ने कहा कि 2022 तक हमारी सरकार शुद्ध पीने का पानी घर-घर तक पहुंचाएगी, यह हमारा संकल्प है। सरकार द्वारा बनाए जा रहे नए घरों में बिजली और पानी की व्यवस्था करना सरकार की ही जिम्मेदारी है और सरकार यह जिम्मेदारी जरुर पूरी करेगेी। सीएम ने कहा कि वेस्ट मैनेजमेंट की दिशा में भी कई विभाग काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कचरे से बिजली के उत्पादन पर भी काम किया जा रहा है। गंदे पानी को ट्रीटमेंट प्लांट के द्वारा सिंचाई में इस्तेमाल करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।