विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री ने 5 अभि‍यानों का किया शुभारंभ

punjabkesari.in Wednesday, Jun 06, 2018 - 11:04 AM (IST)

रांचीः झारखंड में रांची जिले के टाना भगत इंडोर स्टेडियम से विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री रघुवर दास के द्वारा 5 अभि‍यानों का शुभारंभ किया गया। इसमें लोक स्थलों को प्लास्टि‍क मुक्त, जल संग्रह क्षेत्रों को प्लास्टि‍क मुक्त, झारपार्क के अधीन पार्कों को प्लास्टि‍क मुक्त, सुरक्षि‍त क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त और वन आधारित ग्रामीण विकास के लिए पीपीपी अभि‍यान शामिल हैं। 

सीएम ने जैव विविधता पर आधारित पुस्तक का किया विमोचन 
मुख्यमंत्री के द्वारा जैव विविधता पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि आप सभी से मैं अनुरोध करता हूं कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम पर्यावरण बचाने की शपथ लें। उन्होंने कहा कि मैं आज विश्व पर्यावरण दिवस पर यह शपथ लेता हूं कि इस वर्ष मैं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए लोक स्थलों पर कम से कम लगभग 5 पौधे लगाकर 5 वर्ष तक उनका पोषण करूंगा, ताकि यह पौधे वृक्ष बनकर हमें प्राणदायक शुद्ध वायु दें। 

सीएम ने विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं 
सीएम ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर वह समस्त राज्यवासियों को ढेरों शुभकामनाएं देते हैं। हम सभी जानते हैं कि हम जिस देश में रहते हैं उस देश की संस्कृति और प्रकृति मां ने हमें सब कुछ दिया है। झारखंड प्रकृति की गोद में बसा है, लेकिन हम आज पर्यावरण सुरक्षा के मुद्दे को भूलते जा रहे हैं। रघुवर दास ने कहा कि इसी का परिणाम है कि आज स्वच्छ हवा,स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यवारण के प्रति अब हम निश्चिंत नहीं रह सकते। आज हमें और आपको प्रकृति और संस्कृति को बचाने के लिए अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी क्योंकि पर्यावरण के दूषित होने का असर हम सब देख रहे हैं और इसके दुष्परिणाम हम सब भुगत रहे हैं। 

सीएम ने प्लास्टिक के दुष्परिणाम से करवाया अवगत 
रघुवर दास ने कहा कि गरीब और आम लोगों को ठीक से जानकारी नहीं है कि प्लास्टिक कितना खतरनाक होता है, इससे पर्यावरण को और हमें कितना नुकसान होता है। इससे कितनी बीमारियां फैलती हैं, हमें लोगों को इसके नुकसान के बारे में बताना होगा, तभी यह धरती प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त होगी।

Nitika