मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ, नदी के तट पर एक साथ लगाए 9 लाख पौधे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 03, 2018 - 10:59 AM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज नदी के तट पर एक साथ 9 लाख पौधे लगाए गए हैं। यह मृदा अपरदन को रोकने और पेड़ों को भूजल उपलब्ध करवाने में सहायता करेंगे। 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नदी के तट पर सोमवार को 9 लाख पौधे लगाए गए। उन्होंने राज्य की सुबर्णरेखा नदी के तट पर 'नदी महोत्सव' अभियान का शुभारंभ किया। वृक्षारोपण अभियान 2 अगस्त को समाप्त होगा। सीएम ने कहा कि वन विभाग ने इस साल 15,300 हेक्टेयर भूमि पर 2.40 करोड़ पौधे लगाने और 7 हजार एकड़ वन भूमि को फिर से जीवंत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले साल 19,700 हेक्टेयर भूमि पर 2.75 करोड़ पौधे लगाए गए थे और 4,600 हेक्टेयर वन भूमि का कायाकल्प किया गया था। 

सीएम ने लोगों से इसे एक जन आंदोलन बनाने को कहा और उनसे राज्य को साफ और हरित बनाने के लिए अभियान में शामिल होना का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेड़ विज्ञान और आध्यात्मिकता दोनों में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आर्थिक दृष्टि से भी पेड़ों का अपना महत्व है। साल, सागवान, वन और टीक जैसे पेड़ों को लगाकर भविष्य की जरूरतें पूरा की जा सकती हैं। 

Nitika