मुख्यमंत्री विकास मेला सह प्रदर्शनी शिविर में हुए शामिल, कहा- सरकार की नीयत और नीति साफ

punjabkesari.in Friday, Jun 22, 2018 - 12:28 PM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास जामताड़ा स्थित दुलाडीह मैदान में आयोजित विकास मेला सह प्रदर्शनी शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत और नीति साफ है। 

सरकार का उद्देश्य गरीबी उन्मूलन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनभागीदारी से विकास की हिमायती है। यही कारण है कि विकास मेले का आयोजन कर सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसका दूसरा पहलू यह भी है कि जरूरतमंद लोग सरकार की योजनाओं से अवगत होकर उसका लाभ लें, क्योंकि सरकार का उद्देश्य गरीबी उन्मूलन है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपकी है और आपके जीवन में बदलाव लाने के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी। विकास में आप अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। 

सरकार प्रत्येक वर्ग के लोगों का ध्यान रखकर बना रही योजना 
आंधी और बारि‍श के बीच कार्यक्रम को संबोधि‍त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आंधी विकास की आंधी है, जो पूरे राज्य में बह रही है। सरकार हर गांव, शहर और पूरे राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकलिप्त है। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने हर क्षेत्र में विकास की एक नई परिभाषा को लिखा है। राज्य के लोग बहुत भोले हैं। यहां के लोगों को सिर्फ विकास से मतलब है जिसपर सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पहली बार सरकार ने लोगों के दर्द को समझा है। सरकार सभी वर्गों के लोगों को ध्यान में रखकर योजना बना रही है ताकि सभी लोगों को सरकार की योजना का लाभ मिले। सभी का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि साढ़े 3 साल में सरकार ने राम राज्य स्थापित करने का दावा नहीं किया है, लेकिन हर क्षेत्र में एक से बढ़कर एक कार्य किए हैं। 

महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर कर रही कार्य 
सीएम ने कहा कि राज्य की आधी आबादी का जब तक भला नहीं होगा तब तक राज्य का भला नहीं हो सकता। महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। कई योजनाओं के माध्यम से उन्हें सशक्त किया जा रहा है। सरकार स्वरोजगार से जोड़कर महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में पॉल्ट्री फेडरेशन सोसाइटी बनेगी। आने वाले समय में विकास की इस गति को और तेज करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सपनों को हम सभी को मिलकर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने का कार्य हमारी सरकार ने किया है आज उसकी चर्चा हर जगह हो रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना या फिर उज्ज्वला योजना सभी योजनाएं महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

Nitika