छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान बोले CM- भाजपा की योजनाएं कांग्रेस के लिए बनी सिरदर्द

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 04:30 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छत्तीसगढ़ की प्रेमनगर विधानसभा के रामानुज नगर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का सिर्फ एक एजेंडा है मोदी हटाओ, भाजपा हटाओ लेकिन उन्होंने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं पर ध्यान दिया, उनके रोजगार पर ध्यान दिया।

रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस ने देश को सिर्फ एक ही चीज दी है वह है भ्रष्टाचार, इसमें उन्हें कोई पछाड़ नहीं सकता। बीजेपी को आम लोगों के स्वास्थ्य की चिंता है इसलिए प्रधानमंत्री मोदी आयुष्मान भारत योजना लेकर आए। अब गरीब परिवारों का 5 लाख तक का इलाज मुफ्त हो रहा है अब उन्हें इलाज के लिए घर, जेवर गिरवी नहीं रखने पड़ते।

सीएम ने कहा कि स्वच्छ भारत के अंतर्गत पूरे देश में शौचालय बन रहे हैं अब हमारी मां बहनों को अंधेरा होने का इंतजार नहीं करना पड़ता है। उज्ज्वला योजना भी मोदी सरकार की देन है। यही सारे नेक काम कांग्रेस के लिए सिरदर्द बन गए हैं। वादे और नारों के बल पर कांग्रेस ने 55 साल निकाल दिए लेकिन किया कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ का विकास करके दिखाया, यहां की अन्न वितरण प्रणाली की तारीफ पूरी दुनिया ने की। यहां विकास का पहिया न रुके इसलिए जरुरी है कि आप एक बार फिर छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनाएं।

रघुवर दास ने जोर देकर कहा कि आदिवासियों की सबसे बड़ी हितैषी बीजेपी है। पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के शासनकाल में आदिवासी मंत्रालय बना था। पहली बार बीजेपी ने ही आदिवासी समाज के शहीदों को सम्मान दिलाने का काम किया। कांग्रेस ने 55 साल काम किया होता तो आज विकास पर बहस नहीं करनी पड़ती। मोदी जी विकास कर रहे हैं इसलिए कांग्रेस परेशान है। विकास छोड़कर भाजपा का कोई दूसरा एजेंडा नही है। छत्तीसगढ़ के आम लोग बीजेपी से अगाध प्रेम करते हैं। जनता का ये विशाल समर्थन बताता है कि एक बार फिर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है।

prachi