ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में बोले CM रघुवर- अधिकारी छोड़ें अफसरशाही, सेवक भावना से करें काम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 18, 2019 - 03:09 PM (IST)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची में सोमवार को प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिग, फीडबैक बेस्ड बिजनेस रिफाॅर्म एक्शन प्लान से संबधित समीक्षा बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश भर में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। हमारा लक्ष्य पहला स्थान पाना है। मगर यह केवल कागजों पर ही न रहे। वास्तविकता में भी लोगों को इसका अनुभव होना चाहिए। इस मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जिन विभागों में अभी काम ऑफ लाइन हो रहा है, वहां जल्द से जल्द ऑनलाइन किया जाए। अधिकारी अफसरशाही छोड़ें। हम जनता के सेवक हैं, इस भावना के साथ काम करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी काम को उलझाएं नहीं। समाधान पर जोर दें। पुराने ढर्रे पर न चलते हुए नए भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। ‍व्यापारी-उद्यमी हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। वे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा करते हैं।

सीएम ने कहा कि राज्य में रोजगार पैदा होने से पलायन जैसा कलंक झारखंड से मिटेगा। यही हमारी सरकार का पहला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेश को इच्छुक निवेशकों एवं उद्योगपतियों को शुरुआत से ही प्रत्येक स्तर पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है। पिछले 4 साल से भी कम समय में हमारी नीतियों से प्रेरित होकर राज्य में टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग इत्यादि कई उद्योग स्थापित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को यह भी प्रयास करना है कि सरकारी मशीनरी और निवेशक मिल कर इस कार्य को आगे बढ़ायें। अपने देश को विश्व में इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए टॉप फिफ्टी में लाकर एक अच्छा उदाहरण बनकर झारखंड को आगे ले जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में झारखंड से भ्रष्टाचार और घोटाले की इमेज को मिटाने के लिए सरकार ने प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया है। यह अथक प्रयास का ही परिणाम है कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में सरकार पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा है। मेक इन इंडिया के उद्देश्य को पूरा कर हमें नया झारखंड और नए भारत का निर्माण करना है। भ्रष्टाचार को दूर करने में सभी विभाग आइटी का अधिक से अधिक उपयोग करें। सभी कार्य को ऑनलाइन करने का प्रयास करें, ताकि आम जनता के बीच पारदर्शिता बनी रहे। 
 

Jagdev Singh